यती हिमताल की किंवदंती
यती हिमताल की किंवदंती
सरण राइ
एक व्यस्त सड़क के एक कोने में एक महिला गोद में बच्चा लिए हुए राहगीरों से भीख मांग रही है। बहुत कम लोग उस पर ध्यान देते हैं। लेकिन उसकी दीन-हीन हालत देखकर मैं उससे पूछता हूँ, “बहन, बच्चा रो रहा है। दूध पिलाओगी नहीं?”
“यह गोद का बच्चा मेरा बच्चा नहीं है, मेरा पति है,” वह जवाब देती है। उसकी बात सुनकर मैं हैरान रह जाता हूँ और सोचने लगता हूँ कि शायद उसका दिमागी संतुलन बिगड़ गया है।
“गोद का बच्चा आपका पति कैसे हो सकता है?” मैं पूछता हूँ।
कुछ देर तक वह दूर टकटकी लगाए देखती है और फिर मुझसे कहती है, “यह गोद का बच्चा मेरा पति है। हम पति-पत्नी हजारों किलोमीटर दूर हिमालय की तलहटी में रहते थे। खेती और भेड़ पालना हमारा काम था। हम चालीस साल से ज़्यादा साथ रहे और अपने बच्चों को पाला। बड़े होने पर वे बच्चे घोंसले से उड़ने वाले चूजों की तरह दूर चले गए। कहाँ गए? वे कभी लौटकर नहीं आए।”
“तो आपके पति कहाँ हैं?”
“यहीं, मेरी गोद में।”
“नहीं, यह आप क्या कह रही हैं? ऐसा बच्चा आपका पति कैसे हो सकता है?”
“यह उस दिन के यती हिमताल के पानी का नतीजा है,” वह जवाब देती है।
“कैसा नतीजा?” मैं पूछता हूँ।
“उस दिन, मेरी कुछ भेड़ें खो गई थीं, इसलिए मैं बर्फ से ढकी हिमरेखा से भी ऊपर चली गई। वहां मैंने यती के पैरों के निशान देखे। उन निशानों का पीछा करते हुए मैं एक हिमताल तक पहुँची। थकी हुई और प्यास से बेहाल थी, तो मैंने उस ताल का पानी पिया। पानी पीते ही मेरी 60 साल की बूढ़ी काया 17 साल की तरुणी में बदल गई। ताल के स्वच्छ पानी में अपना रूप देखकर मैं हैरान थी और घर लौट आई।
“घर पहुंचने पर मेरे पति ने मुझे पहचाना नहीं। जब मैंने सब कुछ बताया, तो वे भी वहां जाने को तैयार हो गए। अगले दिन सुबह वे निकल गए। लेकिन दो दिन तक जब वे लौटकर नहीं आए, तो मैं उन्हें ढूंढने उस हिमताल पहुँची। वहां मैंने अपने पति को एक छोटे बच्चे के रूप में ताल के किनारे पड़ा पाया। उन्हें उठाकर मैं गांव लौट आई।
“लेकिन गांववालों ने हमें पहचाना नहीं और हमारी बातों पर यकीन नहीं किया। उन्होंने हमें वहां रहने नहीं दिया। इसके बाद, मैं अपने पति को गोद में लेकर एक महीने तक चलती रही और यहां पहुंची। आजीविका का कोई साधन न होने पर हम भीख मांगकर गुजारा कर रहे हैं।”
उसकी बात सुनकर मैं ‘विश्वास करूं या न करूं’ की स्थिति में पहुंच जाता हूँ और उन्हें बस देखता ही रहता हूँ। क्या वाकई ऐसा हिमताल हो सकता है? एक ऐसा ताल, जो यौवन प्रदान करता हो...
Comments
Post a Comment